एमएचआरडी की किचन गार्डन गाइडलाइन में जूनियर हाईस्कूल रौल्याना को मिला स्थान
उपलब्धि चंद्रशेखर बड़सीला, गरुड़मानव संसाधन विकास मंत्रालय भारत सरकार की किचन गार्डन की गाइडलाइन्स में बागेश्वर जनपद के विकास खण्ड गरुड़ के सुदूरवर्ती स्कूल राजकीय जूनियर हाईस्कूल रौल्याना के किचन गार्डन को स्थान मिला है।पूरे देश में विद्यालय के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। उल्लेखनीय है कि रौल्याना जूनियर हाईस्कूल में शिक्षकों और बच्चों ने मिलकर किचन गार्डन का निर्माण किया है। किचन गार्डन से जहां एक ओर मध्याह्न भोजन के लिए ताजी और जैविक सब्जियां नियमित रुप से प्राप्त होती हैं, वहीं बच्चों को मृदा और शारीरिक श्रम के महत्त्व का भी ज्ञान प्राप्त होता है। स्कूल के किचन गार्डन में हुई गडेरी का संज्ञान लेते हुए एमएचआरडी ने अपनी गाइडलाइन में राजकीय जूनियर हाईस्कूल रौल्याना का जिक्र किया है। स्कूल के प्रधानाध्यापक नीरज पंत बताते हैं कि स्कूल के सभी शिक्षकों ने अपने संसाधनों से बच्चों और समुदाय की मदद से किचन गार्डन विकसित किया है। किचन गार्डन में सालभर मौसमी सब्जियों का उत्पादन होता है।हर माह के दूसरे शनिवार को मध्याह्न भोजन के बाद किचन गार्डन की निराई-गुड़ाई शिक्षक दीपक पांडे और भाष्कर पंत के निर्देशन में की जाती है।एसएमसी अध्यक्ष मदन गिरी भी विद्यालय को समुचित सहयोग प्रदान करते हैं।स्कूल को मिले इस गौरव पर राज्य परियोजना कार्यालय के सहायक निदेशक निर्माण आकाश सारस्वत, बीइओ यूएस रावत, पूर्व समन्वयक उमेश जोशी आदि ने खुशी जाहिर की है।