- एडवोकेट जोशी ने स्कूली बच्चों को दी नशे से नुकसान की जानकारी
जागरुकता
गरुड़।व्यसनमुक्त समाज के संयोजक व उच्च न्यायालय नैनीताल के अधिवक्ता डीके जोशी ने कहा कि व्यसनमुक्त समाज के लिए छात्र-छात्राओं को आगे आना होगा।उन्होंने स्कूली बच्चों को नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी दी।
तहसील के खोलिया विवेकानंद इंटर कालेज गरुड़ में आयोजित गोष्ठी में एडवोकेट डीके जोशी ने कहा कि यदि समय रहते नशे के खिलाफ जन आंदोलन नहीं किया गया तो आने वाले समय में समाज और भी प्रदूषित होगा।उन्होंने कहा कि इसके लिए छात्र-छात्राओं को व्यापक प्रचार-प्रसार करना होगा।उन्होंने पहाड़ों में नशे के बढ़ते प्रचलन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार राजस्व के नाम पर यहां के समाज को प्रदूषित कर रही है।जिससे पहाड़ों में अशांति फैल रही है।उन्होंने छात्रों से आजीवन नशे से दूर रहने को कहा।कहा कि नशा शरीर ही नहीं बल्कि आत्मा को भी नष्ट कर देता है।इस मौके पर उन्होंने छात्र-छात्राओं को साइबर क्राइम व यातायात के नियमों की जानकारी भी दी।इससे पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य कैलाश चंद्र जोशी ने उनका बैज लगाकर व शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।संचालन आचार्य चंद्रशेखर बड़सीला ने किया।इस दौरान उमेश जोशी, दीप तिवारी, गणेश जोशी, महेंद्र नेगी, अरविंद नेगी, सुरेश जोशी, देवेश तिवारी, गौरव जोशी, जगमोहन, भावना रावत, सुनीता भट्ट, माया जोशी आदि आचार्य व छात्र-छात्राएं मौजूद थे।