उत्तरायणी बागेश्वर मेले में देशभर की झांकियां भी होंगी सामिल
बागेश्वर: उत्तरायणी मेले में देशभर की झांकियों का समावेश करने का निर्णय लिया गया है इसके अलावा पलायन, जल संवर्धन और पर्यावरण की थीम को झांकी में शामिल करने की चर्चा हुई। मेले के उदघाटन पर मुख्यमंत्री को आमंत्रण देने का भी निर्णय लिया गया है।पालिका सभागार में गुरुवार को विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य और पालिका बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने बैठक की अध्यक्षता की और संचालन ईओ राजदेव जायसी ने किया। बैठक में 14 जनवरी को निकाली जाने वाली झांकी पर फोकस किया गया और विभिन्न स्कूलों से आए प्रतिनिधियों ने अपनी थीम पालिका बोर्ड के समक्ष रखी। बैठक में निर्णय लिया गया कि देशभर की प्रसिद्ध झांकियों का समावेश झांकी में करने की कोशिश की जाएगी, जिसकी तैयारी स्कूली बच्चे करेंगे। इसके अलावा झांकी में सांस्कृतिक दलों के लोग भी शामिल रहेंगे और ढोल, दमाऊ, छोलिया नृत्य, सेना का बैंड, मस्कबीन आदि शामिल करने पर भी मंथन किया गया। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि समय का पूरा ध्यान रखा जाएगा। 14 जनवरी को झांकी तहसील परिसर से आयोजित की जाएगी और दो बजे नुमाइखेत में पहुंचेगी। उसके बाद मेले का उदघाटन होगा और मेले के शुभारंभ पर प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को भी आमंत्रित किया जाएगा। बैठक में जयंत भाकुनी, सभासद प्रेम सिंह हरड़िया, नवीन कुमार, कैलाश आर्य, बबीता पांडे, पंकज पांडे, लक्ष्मी टाकुली, तारा नगरकोटी, सरोज टम्टा, राजेश, ममता रावल समेत कंट्रीवाइड, जीजीआइसी, गायत्री विद्या मंदिर, सैनिक हाइस्कूल, मिशन, महर्षि, आनंद एकेडमी आदि स्कूलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।