- रैली निकालकर लोगों को किया जागरुक
- रवि गोष्ठी का भी किया आयोजन
गरुड़।हितैषी संस्था द्वारा आयोजित किरसाण महोत्सव का रंगारंग आगाज आगामी 14 दिसंबर से होगा।इसके लिए तैयारियां शुरु हो गई हैं।महिला व पुरुष किरसाणों ने क्षेत्र में रैली निकालकर क्षेत्रीय जनता को जागरुक किया।इस मौके पर रवि गोष्ठी का आयोजन भी किया गया।
हितैषी संस्था के उड़ियाडाक स्थित कार्यालय में आयोजित रवि गोष्ठी में गोविंदी राणा, नीमा बड़सीला, रेवती देवी, प्रेमा देवी, मुन्नी देवी, नीमा देवी आदि महिलाओं ने कहा कि आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में पुरुषों से आगे हैं।उन्होंने कहा कि किरसाण प्रतियोगिता महिलाओं के स्वाभिमान का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता कृषि व पशुपालन के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित हो रही है। आकाशवाणी अल्मोड़ा ने रवि गोष्ठी की रिकार्डिंग की।इसके बाद किसान जागरुकता रैली निकाली गई।रैली का संचालन करते हुए हितैषी संस्था के सचिव डॉ किशन राणा ने कहा कि 14 दिसंबर से जन सहयोग से दो दिवसीय किरसाण महोत्सव आयोजित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर को हितैषी विद्या निकेतन द्यौनाई में चयनित महिलाओं से विषय विशेषज्ञ कृषि व पशुपालन से संबंधित प्रश्न पूछेंगे और उनका साक्षात्कार लिया जाएगा।लोक कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जाएंगे।15 दिसंबर को गोलू मंदिर गरुड़ से पारंपरिक वेशभूषा व वाद्य यंत्रों के साथ गरुड़ बाजार तक सांस्कृतिक रैली निकाली जाएगी।केडी पांडे रामलीला मैदान में पारंपरिक शगुन आखरों से द्वितीय दिवस का प्रारंभ होगा।महिला किरसाणों का उदबोधन होगा और चयनित महिला किरसाणों को सम्मानित किया जाएगा।उन्होंने बताया की इस वर्ष पांच युवा पुरुष किरसाणों को भी सम्मानित किया जाएगा और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा।महोत्सव में पहाड़ के उत्पादों व कृषि यंत्रों का स्टाल भी लगाया जाएगा।इस दौरान नारायण मेहरा, शंकर राम, संजय सिंह थायत, विशन सिंह, लक्ष्मी दत्त पांडे आदि मौजूद थे।