बागेश्वर। राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज गरुड़ में एनसीसी कैडेटस द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सीनियर डिवीजन के प्रभारी लेफ्टिनेंट टीएस बिष्ट व जूनियर डिवीजन के प्रभारी टीओ एमसी जोशी की अगुवाई में बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों व स्थानीय नागरिकों को बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ, पर्यावरण बचाओ व स्वच्छ भारत विषयक जानकारी दी। इस दौरान आयोजित भाषण प्रतियोगिता में कैडेट हिमांशु बसवाल ने कहा कि एनसीसी समाजसेवा का बेहतर माध्यम हैं। कहा कि एनसीसी द्वारा समाज में कई रचनात्मक कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानाचार्य डीएस पछाई ने छात्रों से लक्ष्य निर्धारित कर अध्ययन करने को कहा। साथ ही सामाजिक कार्यो में बढ़चढ़ कर भागीदारी करने की अपील की। इस दौरान एनसीसी कैडेट द्वारा विद्यालय परिसर के आस- पास सफाई अभियान चलाया गया। टीओ एमसी जोशी द्वारा छात्रों से हमेशा देशसेवा व अनुशासन में रहने को कहा। साथ ही कहा कि कैडेट को किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहना चाहिए। जिससे कि अपने भविष्य के साथ ही देश का जिम्मेदार नागरिक बन सकें। इस दौरान डीएस मेहता, पीआर विश्वकर्मा, एमएस बिष्ट,सीएस परिहार, मीना राठौर, प्रेम मोहन तिवारी, प्रेम सिंह मनराल व आदित्य पन्त आदि मौजूद थे।